पति के साथ मिलकर प्रेमी का कत्ल, फिर घर में दफनाया शव… रायबरेली में लव ट्रायंगल का खौफनाक अंत

सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में प्रेम संबंधों का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। डलमऊ थाना क्षेत्र के बेलहनी गांव में एक महिला पर अपने पति के साथ मिलकर प्रेमी की हत्या करने और फिर शव को घर के भीतर गड्ढा खोदकर दफनाने का आरोप है। घटना का खुलासा होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, पूरे रजऊ मजरे की रहने वाली रीता की शादी करीब 10 साल पहले भदोखर थाना क्षेत्र के कुरचनना मऊ निवासी रामप्रकाश पासवान से हुई थी। दंपती के दो बेटे हैं। बताया जा रहा है कि पिछले चार वर्षों से रीता अपने पति से अलग होकर मायके में रह रही थी। इसी दौरान उसका बाबा का पुरवा कटघर निवासी अमित रैदास से प्रेम संबंध हो गया। दोनों साथ रहने लगे और उनकी एक बेटी भी है।

बताया गया कि 29 जुलाई की रात रीता के घर पर उसका पति रामप्रकाश और प्रेमी अमित रैदास दोनों मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान रीता और रामप्रकाश ने मिलकर अमित की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात के बाद साक्ष्य मिटाने के इरादे से घर के कमरे में गड्ढा खोदकर शव दफना दिया गया।

31 जुलाई को घटना की सूचना पुलिस तक पहुंची। इसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। मजिस्ट्रेट की निगरानी में खुदाई कर शव बाहर निकाला गया। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम संबंधों से उपजे विवाद का प्रतीत हो रहा है। आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पूरे घटनाक्रम की गहन जांच जारी है।

ग्राम प्रधान अखिलेश यादव ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्यवाही की मांग की है।

More From Author

You May Also Like