सशक्त न्यूज नेटवर्क
नोएडा। सेक्टर-74 स्थित आईवी काउंटी सोसाइटी में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख सोसाइटी में रहने वाले लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से फैलती दिखाई दी, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा कर्मियों और सोसाइटी प्रबंधन ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का प्रयास किया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हैं। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्र को खाली कराया जा रहा है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का आकलन किया जा सकेगा।
