दिल्ली, हरियाणा, चंदीगढ़ के मतदाताओं का रायबरेली में नाम मतदाता सूची में दर्ज, बीएलओ ने नाम काटे
सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली के डीह में विशेष मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ में रहने वाले लोगों के नाम वोटर लिस्ट में सामने आए हैं। इसी तरह अमेठी, प्रतापगढ़, रायबरेली में भी गांव के रहने वाले लोगों के नाम हैं। इनकी संख्या 180 है। शुक्रवार को इन सभी 180 लोगों के नाम काट दिए गए।
ग्रामीणों का कहना है कि यह लोग मतदान करने भी नहीं आते हैं। इसके बावजूद मतदाता सूची में नाम दर्ज हैं। इससे पहले भी कई सर्वे हुए, लेकिन ऐसे लोगों के नाम नहीं काटे गए।
ग्राम पंचायत डेला के बूथ संख्या 19 में शुक्रवार को मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण अभियान चला। बीएलओ सुनीता सिंह ने बताया कि एसआईआर फार्म भरने के दौरान कई ऐसे लोगों के नाम मिले जो चार-पांच वर्षों से हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, प्रतापगढ़ व अमेठी में निवास कर रहे हैं।
दोनों स्थानों पर मतदाता सूची में उनका नाम सूची में दर्ज है। बीएलओ ने बताया कि हरिपाल और रियाज हरियाणा में रह रहे हैं। इसी तरह माता प्रसाद, लीलावती, संतोष कुमारी, भगौती, किरन, देवतादीन, शिवपती व राम प्रसाद सहित 17 लोग दिल्ली में परिवार सहित रहते हैं।
इसी तरह शैलेंद्र और उमा चंडीगढ़ में रह रहे हैं। गुलाब, सुरेश, रीता, प्रतापगढ़ में रहते हैं। इस तरह करीब 180 लोगों को चिन्हित किया गया हैं, जो गांव को छोड़कर अन्य जगहों पर रहते हैं। इन सभी के नाम को सूची से हटाया गया है। इसमें 19 मृतकों के नाम भी शामिल हैं।
गांव की भगवान देवी बताती हैं कि उनकी उम्र 112 वर्ष है, लेकिन आधार कार्ड के अनुसार उनकी आयु 108 वर्ष है वह स्वस्थ हैं। उन्होंने एसआईआर फर्म भरा है। बीएलओ ने बताया कि बूथ में भगवान देई सबसे बुजुर्ग मतदाता हैं।