दिल्ली बम धमाके कांड के बाद रायबरेली में पुलिस अलर्ट मोड पर 

एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने संभाली कमान, जिलेभर में चला विशेष चेकिंग अभियान

होटल, ढाबों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर सघन तलाशी, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों पर रखी जा रही पैनी नजर

दिल्ली धमाके के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क, रायबरेली में दिन-रात गश्त और चेकिंग से अपराधियों में खौफ

न्यूज नेटवर्क
रायबरेली।दिल्ली बम धमाके कांड के बाद पूरे प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं, जिसके मद्देनजर रायबरेली पुलिस ने भी कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक रायबरेली डॉ. यशवीर सिंह ने स्वयं कमान संभालते हुए पूरे जिले में विशेष चेकिंग अभियान चलवाया।

इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अमला संयुक्त रूप से सड़कों पर उतरा और जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान में सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों ने अपनी टीमों के साथ सक्रिय रूप से क्षेत्र भ्रमण किया। पुलिस टीमों ने होटलों, ढाबों, बस स्टैंडों, रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की गहन जांच की।

इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक रायबरेली ने थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में पहुंचकर पुलिस बल के साथ चेकिंग अभियान की निगरानी की।

उन्होंने शहर के मुख्य चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और परिवहन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की गहराई से समीक्षा की।वहीं, एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने स्वयं फोर्स के साथ पैदल गश्त कर शहर की सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने आम नागरिकों से संवाद स्थापित करते हुए सतर्कता और सहयोग बनाए रखने की अपील की।

एसपी डॉ. सिंह ने स्पष्ट कहा  कि दिल्ली धमाके के बाद सुरक्षा दृष्टिकोण से रायबरेली पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। जनपद में कानून व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।अभियान के दौरान पुलिस ने कई संदिग्ध वाहनों की जांच कर आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया तथा रात में भी गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।

इस सघन अभियान ने जनता में भरोसा और अपराधियों में दहशत का माहौल पैदा किया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह चेकिंग अभियान आगामी दिनों में और तेज किया जाएगा, ताकि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।

More From Author

You May Also Like