तपस्वी छावनी के पीठाधीश्वर जगद्गुरु परमहंसाचार्य ने यूजीसी विवाद पर पीएम मोदी को लिखा पत्र, मांगी इच्छा मृत्यु
सशक्त न्यूज नेटवर्क
अयोध्या। यूजीसी के संशोधित नियमों के खिलाफ रामनगरी में भी विरोध तेज हो गया है। तपस्वी छावनी के पीठाधीश्वर जगद्गुरु परमहंसाचार्य ने इस मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इच्छा मृत्यु की मांग की है।
उन्होंने कहा है कि यूजीसी की ओर से किए गए संशोधित नियम सवर्ण छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ अन्याय है और इससे शिक्षा व्यवस्था में असमानता पैदा होगी। यदि सरकार उनकी इच्छा मृत्यु की मांग पूरी नहीं करती है तो यूजीसी के संशोधित नियमों को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इन नियमों से योग्य छात्रों के अधिकारों का हनन हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पूरे देश में यूजीसी के नियमों का विरोध किया जा रहा है। इसी कड़ी में अब अयोध्या के संत समाज भी सवर्ण छात्र-छात्राओं के समर्थन में खुलकर सामने आ गए हैं। शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार का भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कोई निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।