Categories: अपराध

डंपर की टक्कर से ऑटो में बैठा युवक सड़क पर गिरा डंपर ने कुचला

सशक्त न्यूज नेटवर्क
बाराबंकी। शहर कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-अयोध्या हाईवे के ओवरब्रिज के नीचे से गए जैदपुर बाराबंकी मार्ग पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इसी मार्ग पर तेज रफ्तार डंपर ने पहले एक ऑटो को कट मार दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम में ऑटो के किनारे बैठा एक युवक असंतुलित होकर नीचे सड़क पर गिर पड़ा और तभी डंपर का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर काफी तेज रफ्तार में था और ओवरब्रिज के नीचे ऑटो को ओवरटेक करते समय यह हादसा हुआ। युवक के गिरते ही आसपास मौजूद लोग चीख-पुकार करने लगे, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मर्च्युरी में रखवा दिया। मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी और यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सामान्य कराया।

पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। यह हादसा एक बार फिर ओवरब्रिज के नीचे और सर्विस रोड जैसे मार्गों पर तेज रफ्तार भारी वाहनों की लापरवाही को उजागर करता है। संवाद

More From Author

You May Also Like