नीरज शुक्ल
रायबरेली के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के बरी गांव में सोमवार की शाम को खेत की जुताई के दौरान एक हृदय विदारक हादसा हो गया। ट्रैक्टर से गिरकर एक आठ वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
गांव निवासी सत्येंद्र बहादुर सिंह की बेटी साधना सिंह, जो अपने पति राहुल सिंह के साथ कन्नौज में रहती हैं। इन दिनों वह अपने मायके आई हुई थीं। सोमवार को कन्हैया अपने चचेरे नाना धर्मेंद्र सिंह के साथ खेत पर गया था।
कन्हैया जिद कर ट्रैक्टर पर बैठ गया। जुताई के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रैक्टर से नीचे गिर गया। इससे पहले कि धर्मेंद्र सिंह ट्रैक्टर रोक पाते बच्चा रोटावेटर में फंस गया। गंभीर रूप से घायल होने पर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। हादसे के बाद परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मौके पर मौजूद है। साधना के ससुरालीजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
