Categories: अपराध

ट्रक चोरी करने वाले गिरोह के दो साथियों ने पुलिस पर की फायरिंग सुल्तानपुर की घटना

सशक्त न्यूज नेटवर्क
सुल्तानपुर। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में डीसीएम ट्रक चोरी के मामले में वांछित चल रहे शातिर बदमाशों को पुलिस ने शुक्रवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। क्राइम ब्रांच और कोतवाली देहात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

हालांकि पुलिस ने अभी घायलों की पहचान उजागर नहीं किया है।
एएसपी अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि छह नवंबर 2025 की रात कोतवाली देहात क्षेत्र के हनुमानगंज के पास से एक डीसीएम चोरी हुआ था। घटना के बाद अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान एक संगठित गिरोह का खुलासा हुआ, जिसमें पांच अभियुक्त सामने आए।

इनमें से दो को 16 नवंबर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। शुक्रवार को सूचना मिली कि शेष दो अभियुक्त सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से पखरौली रेलवे क्रॉसिंग की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है।

एएसपी अखंड प्रताप ने बताया कि यह गिरोह पहले भी गंभीर वारदातों में शामिल रहा है। वर्ष 2023 में इसी गिरोह के चार सदस्यों ने थाना गोसाईगंज क्षेत्र में 34 टन सरिया की लूट की थी। गिरोह का एक सदस्य अभी पुलिस की पकड़ से दूर है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

More From Author

You May Also Like