सशक्त न्यूज नेटवर्क
इस्लामाबाद: पाकिस्तान में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान अचानक जोरदार धमाके से हड़कंप मच गया। खैबर पख्तूनख्वा के कोहाट में पुलिस लाइंस के पास मस्जिद के नजदीक हुए विस्फोट में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास का इलाका दहल उठा। नमाज के लिए जुटे लोगों के बीच भगदड़ मच गई और देखते ही देखते मौके पर चीख-पुकार शुरू हो गई।
धमाके से मस्जिद का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त
विस्फोट में मस्जिद के बाहरी हिस्से और एक दीवार को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। धमाके के बाद मलबा घटनास्थल पर बिखर गया। राहत और बचाव दल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
अस्पतालों में मची अफरातफरी
घटना के बाद अस्पतालों में बड़ी संख्या में घायलों को लाया गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीमें घायलों के इलाज में जुटी हैं। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए दूसरे अस्पतालों में भेजे जाने की भी तैयारी की गई।
पुलिस लाइंस इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
धमाके के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर लिया। पुलिस और अन्य सुरक्षाकर्मियों ने घटनास्थल के आसपास तलाशी अभियान शुरू किया। आवाजाही पर भी रोक लगाई गई है। धमाके के बाद गोलीबारी की भी खबर सामने आई है, हालांकि इसकी पूरी तस्वीर जांच के बाद ही साफ होगी।
आत्मघाती हमले का शक, जांच जारी
प्रारंभिक जानकारी में विस्फोट के पीछे आत्मघाती हमले की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अधिकारियों की ओर से अभी इसकी अंतिम पुष्टि नहीं की गई है। हमले की जिम्मेदारी फिलहाल किसी संगठन ने नहीं ली है। सुरक्षा एजेंसियां धमाके के तरीके, विस्फोटक और हमलावरों से जुड़े सुराग जुटाने में लगी हैं।
घटना के बाद पाकिस्तान में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव अभियान तेज करने और घायलों को हरसंभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
