गंगा एक्सप्रेसवे हादसे के पीड़ित परिवारों को मिली आर्थिक सहायता, राज्य सरकार ने सौंपी तीन-तीन लाख की चेक

सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाली चार लड़कियों के परिवारों को राज्य सरकार ने आर्थिक सहायता प्रदान की है। ऊंचाहार के विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने रविवार को पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें तीन-तीन लाख रुपये की चेक सौंपी। यह सहायता राज्य सरकार की ओर से पीड़ितों के प्रति संवेदना और मदद के तौर पर दी गई है।

आठ फरवरी 2026 की शाम को दीनशाह गौरा विकास खंड के ग्राम पंचायत चूली के ग्राम कोडर में एक दुखद घटना घटी थी। भंडारे से लौट रही नौ लड़कियों को एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया था। इस भयावह हादसे में चार मासूम लड़कियों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि पांच गंभीर रूप से घायल हो गईं थीं। घायलों में से दो का इलाज लखनऊ के प्रतिष्ठित अस्पतालों में चल रहा है, जबकि अन्य लड़कियां घर लौट आई हैं।

हादसे में इन लड़कियों की हुई थी मौत:
इस हादसे का शिकार होने वाली रश्मि (13 वर्ष), आजमा पटेल (18 वर्ष), शालिनी पासी (12 वर्ष) और हिमांशी पटेल (23 वर्ष) थीं, जिनकी दुखद मृत्यु हो गई। वहीं, प्रिया पटेल (12 वर्ष), रिया पटेल (14 वर्ष), मीना (22 वर्ष) और रेशमा पटेल (14 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही विधायक मनोज कुमार पाण्डेय तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने घायल बच्चियों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के एम्स और ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया था और निजी तौर पर भी उनकी चिकित्सा सहायता की थी।

मुख्यमंत्री की पहल पर मिली सहायता:
पीड़ित परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से विधायक मनोज कुमार पाण्डेय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया था। मुख्यमंत्री ने पीड़ितों की व्यथा को समझते हुए तत्काल सहायता राशि जारी करने के निर्देश दिए। बुधवार देर शाम को विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय स्वयं गांव पहुंचे और उन्होंने हिमांशी, रश्मि, आजमा और शालिनी के परिवारों को तीन-तीन लाख रुपये की सहायता राशि की चेक प्रदान की। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस मामले में पूर्ण उदारता दिखाई है और राज्य सरकार हर कदम पर पीड़ितों के परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

More From Author

You May Also Like