खुश खबरी: पूर्वोत्तर भारत को अवध से जोड़ेगी नई प्रीमियम ट्रेन
सशक्त न्यूज नेटवर्क
बाराबंकी। जिले के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। बाराबंकी को एक और अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात मिली है। डिब्रूगढ़ से गोमतीनगर के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस का शुभारम्भ 18 जनवरी 2026 को किया जा रहा है। खास बात है कि यह नए जमाने की प्रीमियम ट्रेन होगी और रेलवे बोर्ड ने बाराबंकी स्टेशन पर इसका ठहराव सुनिश्चित किया है। जिससे जिले के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
उद्घाटन के दिन यह ट्रेन 05949 डिब्रूगढ़ गोमतीनगर अमृत भारत उद्घाटन विशेष गाड़ी के रूप में चलाई जाएगी। यह गाड़ी 20 जनवरी को तीसरे दिन सुबह 7.04 बजे बाराबंकी स्टेशन पर पहुंचेगी और इसके बाद गोमतीनगर 9.00 बजे पहुंचेगी। लंबे रूट की यह ट्रेन पूर्वोत्तर भारत को अवध क्षेत्र से जोड़ने का काम करेगी। इस अमृत भारत एक्सप्रेस में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे।
शयनयान श्रेणी के आठ कोच साधारण द्वितीय श्रेणी के 11 कोच एसएलआरडी के दो कोच एक पेंट्री कार होगी। यह ट्रेन गैर-वातानुकूलित होते हुए भी प्रीमियम श्रेणी की मानी जा रही है, जिसमें यात्रियों की सहूलियत का विशेष ध्यान रखा गया है। सुविधाओं से लैस, किराया भी किराया भी कम है।
अमृत भारत एक्सप्रेस में यात्रियों को फोल्डेबल स्नैक्स टेबल, मोबाइल होल्डर, बोतल रखने की जगह, आरामदायक सीट और बेहतर बर्थ की सुविधा मिलेगी। हर कोच में फास्ट चार्जिंग पोर्ट उपलब्ध रहेगा। शौचालयों में ऑटोमैटिक फ्लश, साबुन डिस्पेंसर और फायर सेफ्टी सिस्टम लगाया गया है। दिव्यांग यात्रियों के लिए अलग से विशेष शौचालय की व्यवस्था की गई है।
ट्रेन में कवच सिस्टम, सेमी ऑटोमैटिक कपलर, क्रैश ट्यूब और ईपी-असिस्टेड ब्रेक सिस्टम लगाए गए हैं, जिससे किसी भी आपात स्थिति में ट्रेन को तुरंत रोका जा सके। पुश-पुल तकनीक से ट्रेन की गति और संचालन दोनों बेहतर होंगे।
बाराबंकी और लखनऊ के यात्रियों को लखनऊ, पूर्वोत्तर राज्यों और बिहार की ओर सफर करना आसान होगा। लंबे समय से ऐसी ट्रेन की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी होती नजर आ रही है।
– पंकज कुमार सिंह, सीपीआरओ पूर्वोत्तर रेलवे