कोटेदार को ट्रक ने कुचला, मौके पर हुई मौत
सशक्त न्यूज नेटवर्क
बाराबंकी। सफदरगंज थाना क्षेत्र के बिकौली गांव में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में कोटेदार की जान चली गई। गांव निवासी अरविंद कुमार वर्मा (45) गांव के पास पैदल सड़क से गुजर रहे थे। इस दौरान एक ट्रक पीछे की ओर बैक कर रहा था, तभी अनियंत्रित ट्रक ने अरविंद को कुचल दिया। हादसा इतना अचानक था कि आसपास मौजूद लोगों को कुछ पल बाद स्थिति का एहसास हुआ।
जब तक लोग दौड़कर पहुंचे, तब तक अरविंद गंभीर रूप से घायल हो चुके थे और कुछ ही देर में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना की खबर फैलते ही घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई, वहीं थाने में भी लोगों का जमावड़ा लगा रहा। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों की मौजूदगी के बीच पुलिस ने स्थिति को संभाला।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।