रायबरेली। तीन माह से मानदेय न मिलने से नाराज आशा बहुओं ने शनिवार को ऊंचाहार और जगतपुर सीएचसी में प्रदर्शन किया। कहा कि स्वास्थ्य विभाग में कई अभियान चलाए जा रहे हैं। इसमें आशा बहुओं की बराबर भागेदारी रहती है। इसके बावजूद समय से मानदेय नहीं दिया जाता।
ब्लॉक अध्यक्ष गीता मिश्रा की अगुवाई में आशा बहुएं सीएचसी ऊंचाहार पहुंची। प्रदर्शन कर नारेबाजी की। 13 सूत्री मांगों को लेकर सीएचसी अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
आशा बहुओं ने बताया कि तीन माह से मानदेय नहीं मिला। पूरी मेहनत के बावजूद समय पर मानदेय न मारने से घर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा मानदेय का भुगतान जल्द न हुआ, तो कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इस मौके पर अरूणा पांडेय, सरोज मिश्रा, प्रतिभा सिंह, ममता देवी, नीता पाल, ऊषा, सीमा, आशा, शकुंतला मौजूद रहीं।
जगतपुर सीएचसी का आशाओं ने घेराव किया। कहा कि जुलाई से मानदेय नहीं मिला है। बच्चों की फीस नहीं जमा हो पा रही है। गृहस्थी चलाने में परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस मौके पर सरिता, आशा सिंह, पुष्पलता, मोहिनी, माधुरी, शीला, कांति, रमाकांति आदि मौजूद रहीं।
ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर संदीप सिंह ने बताया कि नए एप के कारण आशाओं व लाभार्थियों के खाते में रुपया नहीं पहुंचा है। जल्द मानदेय दिलाया जाएगा।
