कचहरी में बम की धमकी से हड़कंप, घंटों चली तलाशी, कुछ नहीं मिला
सशक्त न्यूज नेटवर्क
प्रयागराज। कचहरी न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सोमवार को हड़कंप मच गया। अज्ञात व्यक्ति द्वारा ई-मेल के माध्यम से दी गई इस चेतावनी के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कचहरी परिसर को खाली कराकर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमों ने गहन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, घंटों की मशक्कत के बाद भी परिसर में कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नहीं मिला।
सुरक्षा बढ़ाई गई, लोगों से पूछताछ
सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे पुलिस को ई-मेल के जरिए कचहरी परिसर में बम लगाए जाने और विस्फोट करने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और तुरंत कचहरी परिसर को खाली कराने का निर्देश दिया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंचीं और परिसर के चप्पे-चप्पे की तलाशी शुरू की। इस दौरान, कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। करीब दो घंटे तक चले इस तलाशी अभियान के दौरान, परिसर में जगह-जगह चेकिंग की गई और कई लोगों से पूछताछ भी की गई। चेकिंग के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु पुलिस को नहीं मिली जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली है।