एम्स रायबरेली में “स्वास्थ्य देखभाल संस्थानों में संक्रमण नियंत्रण” विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन
सशक्त न्यूज नेटवर्क
एम्स रायबरेसी के नर्सिंग विभाग द्वारा 16 से 22 फरवरी तक “स्वास्थ्य देखभाल संस्थानों में संक्रमण नियंत्रण” विषय पर एक प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय से अनुदान सहायता (Grant-in-Aid) के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन मुख्य रूप से नर्सिंग अधिकारियों के लिए किया जा रहा है। इसका उद्देश्य संक्रमण नियंत्रण संबंधी उनके ज्ञान एवं व्यावहारिक कौशल को सुदृढ़ करना है। संक्रमण नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था अस्पतालों में रोगी सुरक्षा तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की सुनिश्चितता के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम का उद्घाटन 16 फरवरी को एम्स रायबरेली की माननीय कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) अमिता जैन द्वारा किया गया।
इस अवसर पर डीन (शैक्षणिक) प्रो. (डॉ.) नीरज कुमारी, डीन (परीक्षा) प्रो. (डॉ.) प्रगति गर्ग, डीन (अनुसंधान) प्रो. (डॉ.) अर्चना वर्मा, उप-निदेशक (प्रशासन) कर्नल अखिलेश सिंह, वित्तीय सलाहकार कर्नल यू. एन. राय तथा अपर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज कुमार श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस कार्यक्रम में एम्स रायबरेली के कुल 30 नर्सिंग अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता की।
प्रो. (डॉ.) अमिता जैन संक्रमण नियंत्रण के क्षेत्र की एक प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञ भी हैं। अपने संबोधन में उन्होंने अस्पताल-जनित संक्रमणों को कम करने तथा रोगियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सख्त संक्रमण निवारण उपायों की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया। उन्होंने कहा कि साक्ष्य-आधारित संक्रमण नियंत्रण उपायों का पालन समग्र स्वास्थ्य सेवाओं के परिणामों में सुधार के लिए अनिवार्य है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में संक्रमण निवारण के विभिन्न पहलुओं पर सैद्धांतिक व्याख्यान, प्रदर्शन (डेमोंस्ट्रेशन) तथा व्यावहारिक चर्चाएँ आयोजित की जाएंगी। इन सत्रों के माध्यम से उन नर्सिंग पेशेवरों की दक्षताओं में वृद्धि होंगी, जो दैनिक रोगी देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।