Categories: हादसा

ऊंचाहार में सुपर मार्ट में भीषण आग, लाखों के नुकसान की आशंका

सशक्त न्यूज नेटवर्क

रायबरेली। ऊंचाहार के दुर्गा मार्केट के बेसमेंट में स्थित सुपर मार्ट बाजार में रविवार की भोर में भीषण आग लग गई। आग की लपटों ने देखते ही देखते पूरे बाजार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये के सामान के जलने की आशंका है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।

शॉर्ट सर्किट से लगी आग, चौकीदार ने दी सूचना

जानकारी के अनुसार, ऊंचाहार के गायत्री नगर मोहल्ला निवासी मनीष कौशल अपने निजी मकान में सुपर मार्ट बाजार और दुर्गा ज्वैलर्स की दुकान का संचालन करते हैं। रविवार की भोर में सुपर मार्ट में शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़की। आग की लपटें तेजी से फैलीं और दुकान में रखे घी, तेल, शहद, रिफाइंड और अन्य परचून के सामान को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय दुकान में मौजूद चौकीदार ने धुएं का गुबार उठते देखा तो उसे घटना का पता चला। उसने तुरंत मनीष कौशल को फोन कर घटना की जानकारी दी।

दमकल की गाड़ियों ने घंटों मशक्कत के बाद पाया काबू

सूचना मिलते ही मनीष कौशल मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचित किया। सूचना के बाद एनटीपीसी से सीआईएसएफ की फायर यूनिट और रायबरेली से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई थी।

20 लाख के नुकसान का अनुमान, जांच जारी

मनीष कौशल के अनुसार, आग लगने से उन्हें लगभग 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। हालांकि, अभी नुकसान का सही आकलन किया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार राय ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और दुकान का सारा सामान जलकर खाक हो गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आग लगने का सही कारण क्या था।

More From Author

You May Also Like