आरेडिका अस्पताल में बच्चे की मौत, परिवारजन ने लगाया लापरवाही का आरोप

सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली के आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) स्थित अस्पताल के डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कर्मचारियों ने सोमवार को धरना प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने लापरवाह चिकित्सकों और स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने की मांग उठाई।

आरेडिका मे तैनात टेक्नीशियन अभिषेक कुमार के छह वर्षीय बेटे को पेट दर्द की शिकायत थी। रविवार शाम परिजन बच्चे को आरेडिका अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उपचार कर उसे घर भेज दिया। सोमवार सुबह बच्चे को फिर तेज पेट दर्द हुआ। परिजन दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने बच्चे को लखनऊ रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्चे की मौत हो गई।

घटना से नाराज कर्मचारियों ने अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया। कर्मचारी संगठन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कर्मचारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने नारेबाजी की और जीएम कार्यालय का घेराव किया। कर्मचारियों ने आरोपी स्टाफ को निलंबित करने की मांग की। कर्मचारी नेता रोहित मिश्रा ने कहा कि लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि आरेडिका अस्पताल में पहले जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं बहाल की जाएं, ताकि गंभीर मरीजों को बाहर रेफर न करना पड़े। आरेडिका के पीआरओ अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पूरे प्रकरण की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

More From Author

You May Also Like