Categories: हादसा

आंगन से बालिका को खींच ले गया तेंदुआ, फिर जो हुआ देखकर कांप जाएगी रूह

सशक्त न्यूज नेटवर्क
बिछिया। निशानगाड़ा रेंज के ग्राम पंचायत रमपुरवा के मुखिया फार्म गांव में बृहस्पतिवार देर शाम को घर के आंगन में खेल रही मासूम बच्ची पर हमला कर तेंदुआ उसे खींच ले गया। घर से कुछ दूरी पर बालिका का शव मिला है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची है।

गांव निवासी मनोज की बेटी अनुष्का (4) बृहस्पतिवार शाम करीब 6:30 बजे घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान पास के गन्ने के खेत से निकलकर आए तेंदुए ने अचानक बच्ची पर हमला कर दिया। तेंदुआ बच्ची को मुंह में दबोचकर खेतों की ओर भागा। बालिका की चीख सुनकर परिजन भी शोर मचाते हुए पीछे दौड़े इस पर तेंदुआ बच्ची को घर से करीब 50 मीटर दूर छोड़कर नहर किनारे झाड़ियों में चला गया।

परिजन जब बच्ची के पास पहुंचे और उसे गोद में उठाया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।

पुलिस और वन विभाग की टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर तेंदुए के हमले की पुष्टि की है। पूर्व ग्राम प्रधान मटेही अचल राणा, रमपुरवा प्रधान प्रतिनिधि विनोद, गजमित्र बड़े लाल, अशोक और गजमित्र संजय भी मौजूद रहे। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और शाम के बाद बच्चों को अकेले बाहर न भेजने की अपील की है।

वहीं घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण पिंजरा लगाने की मांग कर रहे हैं।
डीएफओ सूरज कुमार ने बताया कि इलाके में तेंदुए की निगरानी बढ़ा दी गई है। साथ ही ग्रामीणों को सुरक्षित रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

More From Author

You May Also Like