रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) के आवासीय परिसर, शहर के किनारे सई नदी व डलमऊ में गंगा किनारे सोमवार को छठ पूजा का पर्व बड़ी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।
सुबह से ही परिसर में छठ मैया के भक्ति गीतों की गूंज सुनाई देती रही। हर ओर आस्था और भक्ति का माहौल छाया रहा। श्रद्धालुओं ने घर परिवार में सुख समृद्धि और शांति के लिए निर्जला व्रत रखा। शाम को सूर्यास्त के समय श्रद्धालु जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्ध्य अर्पित किया। सूर्यास्त के साथ ही पूरा परिसर छठ मैया की जय के जयकारों से गूंज उठा।
भक्तों ने अपने घरों में ठेकुआ, पूड़ी, चावल, गन्ना और फलों का प्रसाद तैयार किया। शाम होते ही डीजे और बैंड-बाजे के साथ भक्तों का जत्था परिसर में बनाए गए सरोवर पर पहुंचा। वहां सूर्यदेव को अर्ध्य देकर छठ मैया की आराधना की।
आरेडिका के पीआरओ अनिल श्रीवास्तव ने बताया की आरेडिका प्रशासन की ओर से पूजा स्थल पर विशेष व्यवस्थाएं की गई। सरोवर की साफ सफाई, जलापूर्ति और सुरक्षा के लिए आरपीएफ व निगम कर्मियों को लगाया गया। जीएम पीके मिश्रा के साथ अधिकारियों, कर्मचारियों, यूनियन प्रतिनिधियों, महिलाओं और बच्चों ने छठ पूजा में भाग लिया।
