अनुचर की कार्यशैली से ग्रामीणों में रोष
न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। महराजगंज ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय जमुरावां में तैनात अनुचर संजीव कुमार की कार्यशैली से शिक्षक व अभिभावकों में रोष है। गांव के जगदत्त त्रिपाठी, प्रवीण त्रिपाठी, केशवानंद व ग्राम प्रधान अनुराग कुमार ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 11 बजे अनुचर ने विद्यालय में अकारण डायल 112 को फोन कर पुलिस बुलाई। उनके इस कृत्य से करीब दो घंटे स्कूल में शिक्षण कार्य बाधित रहा। छात्रों में भी भय का माहौल रहा। प्रधानाध्यापक छोटेलाल ने बताया कि संजीव स्कूल में साफ सफाई नहीं करते हैं। उनका आरोप है कि अनुचर की ओर से कहा जाता है कि उनको विभाग की ओर साफ सफाई करने की उनको ट्रेनिंग नहीं दी गई है। गांव के गिरीश कुमार त्रिपाठी, अमित त्रिपाठी, आशा , संगीता, गुड़िया व कांती देवी का कहना है कि अनुचर की कार्यशैली से बच्चों पर बुरा असर पड़ रहा है। विभागीय अधिकारियों को संज्ञान लेना चाहिए। इस मामले में अनुचर का पक्ष लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। खंड शिक्षा अधिकारी राम मिलन यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।