Categories: हादसा

अंबरपुर टोल के पास ट्रेलर में लगी आग, सात नई कारें जलकर खाक

सशक्त न्यूज नेटवर्क
अंबेडकरनगर। गोरखपुर एक्सप्रेसवे पर अंबरपुर टोल प्लाजा से कुछ ही दूरी पर शनिवार देर रात एक ट्रेलर में भीषण आग लग गई। आग की लपटों ने देखते ही देखते पूरे ट्रेलर को अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें मारुति सुजुकी की सात नई कारें जलकर नष्ट हो गईं। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

ट्रेलर में लगी आग, अफरा-तफरी का माहौल

शनिवार देर रात करीब 12:30 बजे, जब ट्रेलर अंबरपुर टोल प्लाजा से लगभग 200 मीटर पहले पहुंचा, तभी उसके एक टायर में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा ट्रेलर आग की लपटों में घिर गया। ट्रेलर पर मारुति सुजुकी कंपनी की सात नई गाड़ियां लदी थीं, जिनमें अर्टिगा और ओमनी जैसे लोकप्रिय मॉडल शामिल थे।

सीएनजी की मौजूदगी से भड़की आग

सूत्रों के अनुसार, कुछ गाड़ियों में सीएनजी किट लगी होने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ड्राइवर ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग इतनी बढ़ चुकी थी कि उस पर काबू पाना असंभव हो गया। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ट्रेलर और उस पर लदी सभी गाड़ियां पूरी तरह से जल चुकी थीं।

गुरुग्राम से दरभंगा जा रहा था ट्रेलर

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह ट्रेलर गुरुग्राम से बिहार के दरभंगा की ओर जा रहा था। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना से एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

More From Author

You May Also Like