सशक्त न्यूज नेटवर्क
सीतापुर: यूपी के सीतापुर में दुर्गा पूजा के दौरान आयोजित जागरण में आग लगने से अफरातफरी मच गई। देवी-देवताओं की झांकी का मंचन कर रहे कलाकार आग की चपेट में आ गए। हादसे में तीन कलाकारों समेत पांच लोग झुलस गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
आधी रात को मची अफरातफरी
मामला बिसवां कोतवाली क्षेत्र के झउवा खुर्द गांव का है। यहां नवरात्र के मौके पर ग्रामीणों की ओर से जागरण का आयोजन किया गया था। बुधवार देर रात करीब 12 बजे कलाकार देवी-देवताओं की झांकी का मंचन कर रहे थे। इसी दौरान पंडाल में आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने पंडाल और वहां रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। अचानक आग भड़कने से मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।
तीन कलाकार और दो दर्शक झुलसे
हादसे में गांव निवासी कमलेश (35), लवकुश (21) और शिवपूजन (35) झुलस गए। वहीं, जागरण देखने पहुंचे मोहम्मद अय्यूब (25) और साबिया (14) भी आग की चपेट में आकर घायल हो गए।
दो घायलों को जिला अस्पताल किया रेफर
ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांडा पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद कमलेश और लवकुश की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाकी घायलों का उपचार सीएचसी में किया गया।
चौकी प्रभारी श्रीराम शुक्ल ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

