सशक न्यूज
क्रासर: लालगंज-फतेहपुर मार्ग पर आनापुर मोड़ के पास हुआ हादसा, टक्कर के बाद कारों में मची चीख-पुकार, पुलिस और ग्रामीणों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
लालगंज (रायबरेली)। लालगंज-फतेहपुर मुख्य मार्ग पर आनापुर गांव के मोड़ के निकट बुधवार को बारातियों से भरी दो कारों की परिवहन निगम की बस से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कारों में फंसे घायलों को ग्रामीणों, राहगीरों और पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर जिले के किशनपुर से बारात उन्नाव जनपद के पुरवा-मौरावां जा रही थी। बाराती दो कारों में सवार थे। लालगंज-फतेहपुर मार्ग पर आनापुर गांव के मोड़ के पास दोनों कारों की परिवहन निगम की बस से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कारों में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और वाहनों में फंस गए।
हादसे में आयत पुत्री आरिफ, इरफान, दिलशाद, मोहम्मद अरकान पुत्र मोहम्मद इरफान, मोहम्मद साजिद पुत्र मोहम्मद फरहद निवासी किशनपुर, मोहम्मद शोएब पुत्र शकील निवासी खागा (फतेहपुर), मोहम्मद मोईन पुत्र नजमुद्दीन निवासी किशनपुर, रहीमन पत्नी नसीर निवासी पीरनपुर, मोहम्मद अफरोज पुत्र रज्जब अली निवासी बसनेरा थाना पयागपुर (बहराइच) और दिलशाद अहमद पुत्र फैज मोहम्मद निवासी महाराजगंज घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से घायलों को बाहर निकलवाकर एंबुलेंस से लालगंज अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल रिहाना पत्नी इरफान निवासी किशनपुर को कोतवाल अपनी सरकारी गाड़ी से अस्पताल लेकर पहुंचे।
वहीं, हादसे में नफीसुन निशा पत्नी मोहम्मद आफाक (65) निवासी मऊ गर्वी, थाना महाराजगंज, जनपद फतेहपुर की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बारात और दोनों परिवारों में मातम छा गया।

