सशक्त न्यूज नेटवर्क
महराजगंज: बिहार में शराबबंदी के बावजूद वहां तस्करी के लिए भेजी जा रही नकली अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप रायबरेली में पकड़ी गई। महराजगंज कोतवाली क्षेत्र में थुलवासा चौकी के पास सोमवार देर शाम एसओजी टीम ने एक संदिग्ध ट्रक को घेरकर तलाशी ली। ट्रक से करीब 400 पेटी नकली अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में शराब की खेप पंजाब से बिहार ले जाए जाने की बात सामने आई है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, ट्रक आते ही रोका
एसओजी टीम को सूचना मिली थी कि पंजाब से अवैध शराब से लदा ट्रक यूपी के रास्ते बिहार की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने थुलवासा चौकी के पास घेराबंदी कर दी। देर शाम संदिग्ध ट्रक वहां पहुंचा तो पुलिस ने उसे रोक लिया। तलाशी के दौरान ट्रक के अंदर अंग्रेजी शराब की बड़ी संख्या में पेटियां मिलीं। जांच में शराब नकली पाए जाने के बाद पुलिस ने खेप को कब्जे में ले लिया और चालक को हिरासत में ले लिया।
बिहार में खपाने की थी तैयारी
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में पता चला कि शराब पंजाब में तैयार की गई थी और उसे बिहार में ऊंचे दामों पर खपाने की तैयारी थी। बिहार में शराबबंदी के कारण वहां अवैध शराब की मांग को देखते हुए तस्कर दूसरे राज्यों से खेप पहुंचाने के लिए उत्तर प्रदेश के रास्ते का इस्तेमाल कर रहे थे।
पूछताछ में सामने आए नाम, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
कोतवाल महराजगंज जगदीश यादव ने बताया कि एसओजी टीम ने 400 पेटी नकली अंग्रेजी शराब लदे ट्रक को पकड़ा है। चालक से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस अब पंजाब से लेकर उत्तर प्रदेश और बिहार तक जुड़े नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि नकली शराब आखिर कहां तैयार हुई, किसने ट्रक में लदवाई और बिहार में इसकी सप्लाई किसके जरिए होनी थी। बड़ी मात्रा में नकली शराब पकड़े जाने के बाद पुलिस और आबकारी विभाग में भी हलचल बढ़ गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद तस्करी से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

