टेंडर प्रक्रिया में लटका 132 ट्रांसमिशन, निर्माण कार्य शुरू न होने से उपभोक्ताओं में आक्रोश

टेंडर प्रक्रिया में लटका 132 ट्रांसमिशन, निर्माण कार्य शुरू न होने से उपभोक्ताओं में आक्रोश

सशक्त न्यूज़ नेटवर्क
रायबरेली जनपद इटौरा बुजुर्ग के रामगंज गांव स्थित 132 केवीए ट्रांसमिशन का निर्माण कार्य प्रस्तावित है। इसके लिए राजस्व विभाग द्वारा ऊर्जा निगम को करीब तीन हेक्टेयर भूमि भी उपलब्ध करा दी है। टेंडर की प्रक्रिया पूर्ण होते ही विद्युत ट्रांसमिशन भवन इत्यादि निर्माण कार्य शुरू होना है।

विभागीय शिथिलता से एक साल बीतने के बाद भी टेंडर की प्रक्रिया पूर्ण न होने से आगामी गर्मी के दिनों में किसानों, व्यापारियों समेत क्षेत्रीय लोगों को लो-वोल्टेज, ट्रिपिंग व लाइन फाल्ट जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। इसको लेकर क्षेत्र वासियों में नाराजगी बनी हुई है।

ऊंचाहार विद्युत वितरण खानदान अंतर्गत 85,636 घरेलू, नलकूप तथा वाणिज्यिक विद्युत उपभोक्ता हैं। इन्हें विद्युत आपूर्ति के लिए ऊंचाहार कस्बा, तहसील, जमुनापुर, रसूलपुर, इटौरा बुजुर्ग, रोहनिया, जगतपुर विद्युत उपकेंद्र बनाए गए हैं।

इन विद्युत उपकेंद्रों को अमावा, रग्घूपुर व डलमऊ स्थित 132 ट्रांसमिशन से 33 केवीए लाइन के जरिए बिजली की आपूर्ति की जाती है। इन सभी ट्रांसमिशन की दूरी 45 से 60 किलोमीटर है। इन लाइनों में खराबी आते ही कर्मचारियों को खोजने में सुबह से शाम हो जाती है।

गर्मी के दिनों में लगातार आपूर्ति बाधित होते ही जहां लोग तिलमिला उठते हैं, वहीं व्यापारियों का व्यवसाय भी प्रभावित होता था। यही नहीं पर्याप्त बिजली न मिलने से सिंचाई के अभाव में किसानों की फसलें भी बर्बाद हो जाती है। गर्मी के दिनों में कारखानों व किसानों के नलकूपों के संचालित होते ही विद्युत संयंत्रों पर लोड भार बढ़ जाता है।

ऐसे में 33 केवीए विद्युत लाइनों में फाल्ट उत्पन्न होने लगता है। जिसे खोजकर सही करने में कर्मचारियों को सुबह से शाम बीत जाता था। समस्या को देखते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री व ऊंचाहार विधायक डा मनोज कुमार पांडेय ने करीब एक वर्ष पूर्व मामले को सदन में उठाया था।

इसके बाद ऊर्जा मंत्री ने विधानसभा क्षेत्र में 132 केवीए विद्युत उपकेंद्र की स्थापना को मंजूरी देते हुए संयंत्र की स्थापना का दायित्व विद्युत विभाग को सौंपने के बाद जुलाई वर्ष 2024 को ऊर्जा निगम द्वारा जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी थी। तमाम प्रक्रियाओं के बाद राजस्व विभाग द्वारा ऊर्जा निगम को करीब 13 बीघे जमीन भी आवंटित कर दी। इसके बावजूद भी अभी तक टेंडर की प्रक्रिया नहीं शुरू हो सकी है।

ऊंचाहार कस्बा निवासी अनीस अहमद, साहब नकवी, इरफान, विनोद कुमार, शैलेंद्र पांडेय, मनीष कुमार, सुधीर कुमार, जयकृष्ण आदि का कहना है कि आशा थी कि इस बार गर्मी के दिनों में भरपूर बिजली मिल सकेगी।

लेकिन विभागीय जिम्मेदारों की शिथिलता के चलते 132 ट्रांसमिशन के निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो सका है। जिसके चलते इस बार भी व्यापारियों व किसानों को गर्मी का दंश झेलना पड़ेगा।

विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता धीरेंद्र सिंह ने बताया कि जमीन अधिग्रहण का कार्य पूर्ण हो चुका है। टेंडर इत्यादि की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद ही 132 केवीए ट्रांसमिशन निर्माण का कार्य शुरू हो सकेगा।

More From Author

You May Also Like