सशक्त न्यूज नेटवर्क
अमरोहा। जिले में झोलाछापों का जानलेवा इलाज एक बार फिर मासूम की जिंदगी पर भारी पड़ गया। मंडी धनौरा क्षेत्र के चुचैला कलां गांव में गले में दर्द की शिकायत पर दवा लेने गई सात वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि मेडिकल स्टोर संचालक ने गोलियां पीसकर पुड़िया में दवा दी थी। बच्ची ने जैसे ही दवा खाई, महज 10 मिनट के भीतर उसकी हालत बिगड़ गई। मुंह से झाग निकलने लगे और हाथ-पैर अकड़ गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव निवासी मजदूर राशिद की बेटी रजिया गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो की छात्रा थी। सोमवार रात उसके गले में दर्द हुआ तो परिजन उसे गांव के मेडिकल स्टोर पर ले गए। यहां मेडिकल स्टोर संचालक नूर मोहम्मद पर डॉक्टर की तरह इलाज करने और गोलियां पीसकर दवा देने का आरोप है। परिजनों के मुताबिक दवा खाने के कुछ ही देर बाद बच्ची की हालत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में उसे मंडी धनौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
बेटी का शव लेकर पहुंचे पिता तो हुआ विवाद
बेटी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। ग्रामीणों के मुताबिक शव लेकर गांव लौटे पिता राशिद ने जब मेडिकल स्टोर संचालक से शिकायत की तो दोनों पक्षों के बीच विवाद और हंगामा शुरू हो गया। बाद में ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद पिता ने पुलिस से शिकायत की।
आरोपी हिरासत में, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने पिता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी नूर मोहम्मद को हिरासत में ले लिया है। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सीएमओ डॉ. रमाकांत सागर ने मामले में सीएचसी प्रभारी से रिपोर्ट तलब की है।
24 घंटे में दूसरी मौत, स्वास्थ्य विभाग पर सवाल
अमरोहा जिले में झोलाछापों के कथित इलाज से 24 घंटे के भीतर मौत की यह दूसरी घटना है। इससे पहले आदमपुर क्षेत्र के बहादुरपुर मिश्र गांव में सीने में दर्द की शिकायत पर झोलाछाप से इंजेक्शन लगवाने के बाद 38 वर्षीय किसान नेत्रपाल की मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की निगरानी और झोलाछापों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि मासूम की मौत के बाद विभाग अवैध इलाज करने वालों के खिलाफ कितनी सख्ती दिखाता है।

