किसान पथ पर दो ट्रकों की भीषण भिड़ंत, आग के गोले में तब्दील हुआ केबिन; एक की जिंदा जलकर मौत
बाराबंकी में रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा, दो घंटे की मशक्कत के बाद दमकल ने पाया आग पर काबू; अन्य लोगों की तलाश में जुटी पुलिस
सशक्त न्यूज
बाराबंकी। किसान पथ पर शनिवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला। माती इलाके में दो ट्रकों की जोरदार भिड़ंत के बाद एक ट्रक के केबिन में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ट्रक आग के गोले में तब्दील हो गया। हादसे में केबिन में सवार एक व्यक्ति की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के बाद हाईवे पर अफरातफरी मच गई और यातायात भी थम गया।
जानकारी के अनुसार, माती इलाके में किसान पथ हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रक आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे चल रहे ट्रक के केबिन में आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटों ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद केबिन से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। आशंका जताई जा रही है कि हादसे के समय ट्रक के केबिन में अन्य लोग भी मौजूद थे।
पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दुर्घटना के वक्त केबिन में कुल कितने लोग सवार थे। मौके पर मौजूद सीओ सिटी आफताब आलम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

