श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर धमाके से मचा हड़कंप, ट्रेन हादसे की आशंका के बीच जांच में जुटी पुलिस
राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक के पास विस्फोट की घटना से हड़कंप मच गया। रेलवे ट्रैक पर धमाके की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस सक्रिय हो गईं। घटना को देखते हुए रेलवे सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर मंगलवार रात करीब 9:45 बजे संदिग्ध विस्फोट हुआ। धमाके से रेलवे ट्रैक के नीचे लगे सीमेंट के दो स्लीपर टूट गए और पटरियों के बीच करीब दो फीट गहरा गड्ढा बन गया। धमाके की आवाज करीब 200 मीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि धमाके से करीब 45 मिनट पहले इसी ट्रैक से यात्री ट्रेन गुजर चुकी थी। इससे बड़ा रेल हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी), सीआईडी और एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) की टीमें भी जांच में जुट गई हैं।
पटरी के लॉक भी टूटे, रेलवे ने रोका संचालन
धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि रेलवे ट्रैक के नीचे लगे दो सीमेंट स्लीपर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। पटरी और स्लीपर को जोड़ने वाले लॉक भी टूट गए। रेलवे की तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की। एहतियातन बुधवार सुबह नौ बजे तक इस रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन रद्द किया गया।
एटीएस और आईबी खंगाल रहीं धमाके का राज
श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक हरिशंकर के मुताबिक, रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने के पीछे किसका हाथ है और धमाके की तीव्रता कितनी थी, इसकी जांच की जा रही है। एफएसएल टीम घटनास्थल से नमूने लेकर उनकी जांच करेगी। फिलहाल विस्फोट के कारणों और इसमें शामिल लोगों को लेकर कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
सीमावर्ती क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर हुए इस संदिग्ध विस्फोट ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच एजेंसियां हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही हैं। हालांकि, अभी इसे किसी आतंकी साजिश या सुनियोजित हमले से जोड़ने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सशक्त न्यूज नेटवर्क

