सशक्त न्यूज नेटवर्क
दुपट्टे से गला कसने के बाद चाकू से रेता था गला, रेलवे यार्ड के पीछे सुनसान जगह से कंकाल बरामद; कपड़े और चप्पल से परिजनों ने की पहचान
लालगंज(रायबरेली)। प्रेम प्रसंग में विवाद के बाद एक युवक ने अपनी 16 वर्षीय नाबालिग प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी। पहले दुपट्टे से उसका गला कसकर घोंटा और फिर चाकू से गला काट दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद शव को नहर में फेंककर आरोपी फरार हो गया। करीब 13 दिन तक किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। किशोरी की तलाश में जुटी पुलिस ने गुरुवार को संदिग्ध प्रेमी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या का राज उगल दिया। उसकी निशानदेही पर रेलवे यार्ड के पीछे नहर से किशोरी का शव बरामद किया गया। 14 दिन तक पड़े रहने के कारण शव सड़कर कंकाल में तब्दील हो चुका था।
क्षेत्र के एक मोहल्ले की रहने वाली किशोरी का नया पुरवा मजरे मटेहना गांव निवासी रौनक यादव से प्रेम प्रसंग था। दोनों एक साथ पढ़ते थे। इसी दौरान उनके बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं। बीती 16 अक्टूबर को किशोरी अचानक घर से लापता हो गई। परिजनों ने दो-तीन दिन तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। 19 अक्टूबर को पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने किशोरी के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली और कई युवकों से पूछताछ की। इसी क्रम में रौनक यादव को भी बुलाया गया था। उसने पुलिस को बताया था कि घटना वाले दिन वह किशोरी को बाइक से बाल्हेमऊ गांव तक छोड़ने गया था। किशोरी का कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस का शक गहराता गया। गुरुवार को पुलिस ने रौनक को दोबारा कोतवाली बुलाकर पूछताछ की। सख्ती बरतने पर वह टूट गया और हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि किशोरी के कई युवकों से फोन पर बातचीत करने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। घटना वाले दिन आरोपी उसे पहले बाल्हेमऊ गांव ले गया। इसके बाद आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना के रेलवे यार्ड के पीछे सुनसान स्थान पर पहुंचा। वहां दुपट्टे से गला कसकर उसकी हत्या कर दी और चाकू से गला काट दिया। इसके बाद शव को नहर में फेंक दिया।
आरोपी की निशानदेही पर देर रात पुलिस ने शव बरामद किया। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। शव की हालत बेहद खराब होने के कारण उसकी पहचान करना मुश्किल था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे मां, भाई और बहन ने कपड़े, चप्पल और दुपट्टे के आधार पर किशोरी की पहचान की।
मृतका तीन बहनों और एक भाई में थी। वह कस्बे के बैसवारा इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा थी। उसके पिता सूरत में मजदूरी करते हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। कोतवाल प्रमोद सिंह ने बताया कि आरोपी रौनक यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।

