Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
दो माह से बिजली संकट, भाजपा मंडल अध्यक्ष ने सीएम से लगाई गुहार
सशक्त न्यूज नेटवर्क
डलमऊ। दीनशाह गौरा मंडल क्षेत्र में पिछले दो माह से जारी बिजली संकट को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष देवेश वर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग के अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं, जिससे किसान, कार्यकर्ता और आम लोग परेशान हैं।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में मंडल अध्यक्ष ने बताया कि दींनशाह गौरा मंडल के 65 ग्राम पंचायतों में 21 शक्ति केंद्रों के अंतर्गत 126 बूथ हैं। क्षेत्र में भाजपा का सक्रिय संगठनात्मक कार्य चल रहा है। इसके बावजूद दो माह से अधिक समय से बिजली आपूर्ति की स्थिति बेहद खराब है।
पत्र में कहा गया है कि विभागीय मंत्री, उपकेंद्र से लेकर उच्चाधिकारियों तक दूरभाष और पत्राचार के माध्यम से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। बिजली संकट से पूरा क्षेत्र जूझ रहा है और कोई जिम्मेदार अधिकारी संतोषजनक समाधान नहीं दे पा रहा है।
अधिकारियों के रवैये पर उठाए सवाल
देवेश वर्मा ने पत्र में आरोप लगाया कि ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र के डलमऊ और गदागंज उपखंड कार्यालयों तथा उपकेंद्रों पर तैनात कुछ अधिकारी-कर्मचारी सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य नहीं कर रहे हैं। उनके रवैये से सरकार की छवि प्रभावित हो रही है और जनता में नाराजगी बढ़ रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देशित करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पटरी पर लौटे और आम जनता को राहत मिल सके।