जलभराव में छिपा गड्ढा बना जानलेवा, दो बाइक सवार मोटरसाइकिल समेत गिरे

सशक्त न्यूज नेटवर्क
जलालाबाद। शहर की अग्रवाल स्ट्रीट में सोमवार को भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सड़क पर हुए जलभराव के कारण नगर परिषद की ओर से खोदा गया गहरा गड्ढा पूरी तरह पानी में छिप गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे दो युवक मोटरसाइकिल समेत गड्ढे में जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दौड़कर दोनों को बाहर निकाला, जिससे उनकी जान बच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बारिश के बाद सड़क पर इतना पानी भर गया था कि गड्ढे का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं लग रहा था। जैसे ही बाइक उस स्थान पर पहुंची, अचानक संतुलन बिगड़ गया और दोनों युवक गड्ढे में गिर पड़े। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने नगर परिषद की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि गड्ढे के आसपास न तो कोई बैरिकेडिंग की गई थी और न ही चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। उनका कहना है कि समय रहते सुरक्षा इंतजाम किए जाते तो ऐसी घटना नहीं होती।

लोगों ने नगर परिषद से बारिश के मौसम में सड़कों पर खोदे गए गड्ढों को सुरक्षित ढंग से ढकने और पर्याप्त चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

More From Author

You May Also Like