Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
लखनऊ के विधायक निवास में मौत का रहस्य! 7वीं मंजिल से गिरे पूर्व मंत्री नानकदीन भुर्जी, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
बीजेपी के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ से जुड़े थे नानकदीन भुर्जी, सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सशक्त न्यूज नेटवर्क
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार दोपहर हुई एक दर्दनाक घटना ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी। लालबाग स्थित नए विधायक निवास की सातवीं मंजिल से गिरने से पूर्व मंत्री नानकदीन भुर्जी की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, नानकदीन भुर्जी विधायक निवास की सातवीं मंजिल पर मौजूद थे। इसी दौरान वह अचानक नीचे गिर पड़े। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नानकदीन भुर्जी बीजेपी के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ से जुड़े थे। वह हिंदुस्तान पिछड़ा मोर्चा के अध्यक्ष भी थे और लंबे समय से सामाजिक व राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय थे। उनके निधन की खबर फैलते ही समर्थकों और राजनीतिक नेताओं में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह हादसा था, आत्महत्या का मामला है या फिर किसी साजिश के तहत घटना को अंजाम दिया गया। मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। विधायक निवास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।