नहर में बंबी साफ करने उतरा किसान, तेज बहाव में डूबा; अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

सशक्त न्यूज नेटवर्क
डलमऊ (रायबरेली)। खेत की सिंचाई के दौरान जाम हुई बंबी साफ करना एक किसान को भारी पड़ गया। नहर में उतरते ही तेज बहाव की चपेट में आने से वह डूब गया। परिजन आनन-फानन में उसे बाहर निकालकर सीएचसी डलमऊ ले गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के तेरुखा गांव निवासी मेवालाल (36) पुत्र स्वर्गीय श्यामलाल बुधवार को खेत में पानी लगा रहे थे। इसी दौरान नहर में लगी बंबी जाम हो गई। उसे साफ करने के लिए मेवालाल नहर में उतरे, लेकिन तेज बहाव के कारण संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में डूब गए।

घटना देख आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तत्काल उन्हें नहर से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डलमऊ पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, अचानक हुई इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

More From Author

You May Also Like