Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
ट्यूबवेल पर सो रहे पिता का गला दबाने का आरोप, बेटे की हरकत से दहल उठा परिवार
सशक्त न्यूज नेटवर्क
डलमऊ: जिस बेटे को पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी पर जान लेने की कोशिश का आरोप लगने से एक बुजुर्ग पिता टूट गए। गंज मजरे बड़ेरवा गांव में रिश्तों को झकझोर देने वाली इस घटना के बाद परिवार ही नहीं, पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है।
गांव निवासी देवीशंकर ने बुधवार को कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि मंगलवार रात वह अपने ट्यूबवेल पर सो रहे थे। इसी दौरान उनका छोटा बेटा सुधाकर वहां पहुंचा और गला दबाकर उन्हें मारने का प्रयास करने लगा। अचानक हुए हमले से घबराए बुजुर्ग ने किसी तरह खुद को उसके चंगुल से छुड़ाया और जान बचाई।
घटना के बाद सहमे पिता ने पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि जिस बेटे के सहारे बुढ़ापा काटने की उम्मीद थी, उसी की हरकत ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपित युवक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।