Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आरएसएस का भव्य आयोजन, सैकड़ों स्वयंसेवकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से नगर में भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। पूरे आयोजन में अनुशासन और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विभाग प्रचारक अमित रजावत ने कहा कि भारत ऋषि-मुनियों की तपोभूमि है और योग हमारी संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और स्वस्थ समाज” का संदेश देने वाली योग और आयुर्वेद की परंपरा आज पूरी दुनिया में स्वीकार की जा रही है। आधुनिक चिकित्सा पद्धतियां भी योग के लाभ और उसके महत्व को मान चुकी हैं। उन्होंने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विभाग संघचालक अमरेश जी, जिला संघचालक जागेश्वर दयाल जी, नगर संघचालक बलराम जी, विभाग प्रचारक अमित जी, जिला प्रचारक शिवप्रकाश जी तथा नगर प्रचारक राकेश जी की उपस्थिति रही।
मुख्य शिक्षक अंश जी रहे, जबकि बृज मोहन जी ने स्वयंसेवकों को योगाभ्यास कराया। इस दौरान नगर कार्यवाह शिवानंद जी, सह नगर कार्यवाह संजय जी, व्यवस्था प्रमुख राज किशोर जी तथा सह नगर प्रचार प्रमुख अनंत त्रिवेदी जी समेत बड़ी संख्या में स्वयंसेवक मौजूद रहे।
योग को बनाएं रोजमर्रा की आदत
कार्यक्रम के अंत में पदाधिकारियों ने सभी लोगों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और भारत की प्राचीन योग परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नियमित योग न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार करता है।