Categories:
ब्रेकिंग न्यूज़
डीजल सस्ता दिलाने का झांसा देकर 25 हजार उड़ाए, बाइक और मोबाइल नंबर के सहारे तलाश में जुटी पुलिस
सशक्त न्यूज नेटवर्क
डलमऊ/रायबरेली। सस्ते दाम पर डीजल दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 25 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी युवक को ट्रैक्टर-ट्रॉली में डीजल भरवाने के बहाने पेट्रोल पंप तक ले गया और मौका पाकर रुपये व मोबाइल लेकर फरार हो गया। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
थाना डलमऊ क्षेत्र के ग्राम सोंडासी निवासी अंकित अवस्थी ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 31 मई की सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह गांव में एक दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान उसे एक अज्ञात व्यक्ति मिला, जो बाइक संख्या UP70HF8424 से आया था। बातचीत के दौरान उसने कम कीमत पर डीजल दिलाने का लालच दिया और ट्रॉली में डीजल भरवाने के लिए साथ चलने को कहा।
पीड़ित के अनुसार उसने अपने बड़े भाई से 25 हजार रुपये ऑनलाइन मंगवाए और नकदी लेकर आरोपी के साथ पेट्रोल पंप पहुंच गया। वहां आरोपी ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों से भुगतान को लेकर बहस शुरू कर दी। इसी बीच उसने रुपये अपने पास ले लिए और बाद में ट्रॉली में बैठने के लिए कहकर पीड़ित का मोबाइल फोन भी मांग लिया। कुछ ही देर बाद आरोपी रुपये और मोबाइल लेकर फरार हो गया।
पीड़ित का कहना है कि आरोपी ने एक मोबाइल नंबर से संपर्क भी किया था, जिसकी जानकारी पुलिस को दे दी गई है। घटना की सूचना उसी दिन थाना डलमऊ में दी गई थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर उसने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है।
अब पुलिस बाइक नंबर और मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है। वहीं क्षेत्र में इस घटना को लेकर लोगों में चर्चा है कि सस्ते डीजल का लालच युवक को भारी पड़ गया।