Categories: आयोजन

निराकार परमात्मा शिव के अवतरण दिवस पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

सशक्त न्यूज नेटवर्क

रायबरेली। प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय के तत्वावधान में शहर के सुभाष नगर स्थित भाग्य भवन केंद्र पर 90वीं त्रिमूर्ति शिव जयंती का नवदशकोत्सव रविवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। महाशिवरात्रि पर्व को परमात्मा शिव बाबा के अवतरण दिवस के रूप में मनाते हुए प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

कार्यक्रम का शुभारंभ राजयोग साधना से हुआ। इसके पश्चात मुरली क्लास एवं आध्यात्मिक प्रवचनों की श्रृंखला में उपस्थित श्रद्धालुओं को आत्मजागरण, सकारात्मक चिंतन और विश्वबंधुत्व का संदेश दिया गया। बीके ज्योति दीदी के सान्निध्य में आयोजित समारोह में महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
ज्योति दीदी ने शिव बाबा के भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि महाशिवरात्रि केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि आत्मा के परमात्मा से मिलन का पावन क्षण है।

उन्होंने कहा कि निराकार परमात्मा शिव संपूर्ण सृष्टि के रचयिता और सर्व आत्माओं के परमपिता हैं। जब-जब मानव जीवन में अज्ञान, अशांति और अधर्म बढ़ता है, तब परमात्मा शिव ज्ञान का प्रकाश बनकर अवतरित होते हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि राजयोग साधना के माध्यम से स्वयं को शुद्ध, शांत और शक्तिशाली बनाएं तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और नैतिक मूल्यों का प्रसार करें।

इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ केक काटकर शिवबाबा की 90वीं वर्षगांठ मनाई गई। पूरा परिसर ‘ओम शांति’ के उद्घोष और भक्ति गीतों से गूंज उठा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कलाकारों ने परमात्मा शिव के निराकार स्वरूप एवं आध्यात्मिक प्रेम की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। समारोह के अंत में ब्रह्मा भोजन का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

मातृभूमि सेवा मिशन, रायबरेली इकाई परिवार की ओर से संयोजक प्रदीप पांडेय, संरक्षक महेंद्र अग्रवाल एवं मंडल अध्यक्ष भगवत प्रताप सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर आयोजन की सराहना की। आध्यात्मिक ऊर्जा और अनुशासित वातावरण के बीच संपन्न यह नवदशकोत्सव श्रद्धालुओं के लिए आत्मिक शांति और प्रेरणा का संदेश छोड़ गया।

More From Author

You May Also Like