Categories: अपराध

बाराबंकी में उम्र कैद की सजा मिलने के बाद पुलिसकर्मी को चकमा देकर भागा बंदी

सशक्त न्यूज नेटवर्क
बाराबंकी। हत्या के एक मामले में उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के तुरंत बाद एक सजायाफ्ता बंदी कोर्ट परिसर से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना से कचहरी परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए।
जानकारी के मुताबिक हत्या के मामले में सूरज को पेशी व कन्विक्शन की कार्यवाही के लिए अदालत लाया गया था।

अदालत द्वारा उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के बाद उसे वापस ले जाने की प्रक्रिया के दौरान बंदी पुलिस कर्मियों को झांसा देकर भाग निकला। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार बंदी को पुलिसकर्मी अदालत लेकर गए थे। सजा सुनाए जाने के बाद जैसे ही उसे कस्टडी में लेकर बाहर ले जाया जा रहा था, उसी दौरान वह मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अमला हरकत में आया और कचहरी परिसर सहित आसपास के इलाकों में तलाश शुरू कर दी गई। जेल अधीक्षक कुंदन कुमार ने बताया कि बंदी का नाम सूरज है और उसके साथ दो अन्य भी अभियुक्त थे।

हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों का दावा है कि फरार बंदी को कुछ ही समय बाद दोबारा पकड़ लिया गया है, लेकिन इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। इस घटना के बाद अदालत परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और कैदियों की पेशी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

More From Author

You May Also Like