रायबरेली में चोरों का आतंक: घर का ताला तोड़ लाखों की नकदी और जेवर पार
सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। शहर के साकेत नगर जेल रोड पर चोरों ने एक बार फिर अपनी दस्तक दी है। बीती बृहस्पतिवार की रात को बेखौफ चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये की नकदी और कीमती जेवर पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
साकेत नगर जेल रोड निवासी शरद श्रीवास्तव अपने परिवार के साथ बृहस्पतिवार को प्रतापगढ़ में एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। घर पर ताला बंद होने का फायदा उठाते हुए चोरों ने रात के अंधेरे में धावा बोल दिया। शुक्रवार की रात जब शरद श्रीवास्तव परिवार के साथ घर लौटे तो उन्होंने घर का नजारा देखकर होश उड़ गए। घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी के लॉकर को भी चोरों ने तोड़ दिया था।
लाखों के माल पर चोरों का हाथ
शरद श्रीवास्तव के अनुसार, चोर उनके घर से करीब एक किलो चांदी, 40 ग्राम सोने के जेवर और 3.50 लाख रुपये की नकदी ले गए हैं। इस घटना से पीड़ित परिवार सदमे में है और चोरों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। कोतवाली प्रभारी शिव शंकर सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मुखबिरों को भी सक्रिय कर दिया गया है। इस घटना ने एक बार फिर शहर में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।