अलर्ट मोड पर बिजली विभाग, ट्रांसफार्मर होंगे सुरक्षित, 40 फुट गहरी होगी अर्थिंग
सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। पावर काॅर्पोरेशन ने गर्मी से निपटने के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। ट्रांसफार्मर की सुरक्षा पर खास फोकस रहेगा। यही वजह है कि अब हर ट्रांसफार्मर पर पाइप अर्थिंग कराई जाएगी। इसके साथ ही जलने से बचाने के लिए फ्यूज सेट लगाए जाएंगे।
पहले चरण में 100 से लेकर 400 केवीए के ट्रांसफार्मरों का सर्वे चल रहा है। अब तक 900 ट्रांसफार्मरों को चिन्हित किया गया है। इन ट्रांसफार्मरों पर अब तक मैनुअल अर्थिंग की गई है। सर्वे का काम पूरा होने के बाद ट्रांसफार्मरों पर पाइप अर्थिंग का काम शुरू कराया गया जाएगा। ऐसे में अब ट्रांसफार्मर खराब होने की संभावना कम रहेगी।
जिले में 25 केवी से लेकर 400 केवीए तक करीब 55 हजार ट्रांसफार्मर लगे हैं। इन ट्रांसफार्मराें से करीब पांच लाख उपभोक्ताओं को बिजली की आपूर्ति होती है। गर्मी में बिजली की मांग बढ़ने या बारिश में आकाशीय बिजली गिरने पर ट्रांसफार्मर खराब हो जाते हैं। इससे उपभोक्ताओं को बिजली संकट से जूझना पड़ता है।
आकाशीय बिजली से बचाने के लिए अभी तक ज्यादातर ट्रांसफार्मरों में रॉड अर्थिंग की गई, लेकिन जब बिजली गिरती है, तो यह अर्थिंग काम नहीं करती। ऐसे में ट्रांसफार्मर खराब हो जाते हैं। इस समस्या को देखते हुए अब ट्रांसफार्मरों में पाइप अर्थिंग कराई जाएगी। यह अर्थिंग जमीन के अंदर 40 फिट गहराई तक की जाएगी, ताकि ट्रांसफार्मर को जलने से बचाया जा सके। पहले चरण में 100 से लेकर 400 केवीए ट्रांसफार्मरों में अर्थिंग कराई जाएगी।
यही नहीं ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा के लिए फ्यूज सेट लगाए जाएंगे, ताकि ओवरलोड या कोई और फॉल्ट आने पर ट्रांसफार्मरों को जलने से बचाया जा सके। मुख्य अभियंता रामकुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा के लिए पाइप अर्थिंग कराई जाएगी। इसके लिए सर्वें कराया जाएगा। जल्द ही ट्रांसफार्मरों में पाइप अर्थिंग का काम शुरू कराया जाएगा। इसके बाद यदि ट्रांसफार्मर खराब होते हैं, तो संबंधित जेई, एसडीओ से जवाब तलब किया जाएगा।