हरैया धाम के पास सरायन नदी पर बना अस्थायी पुल टूटा
सशक्त न्यूज नेटवर्क
सीतापुर। मछरेहटा के मिरचौड़ी ग्राम पंचायत के हरैया धाम के पास सरायन नदी पर बना बांस का अस्थायी पुल बुधवार देर शाम टूट गया। इस दौरान कुछ लोग नदी में गिर गये। जिन्हें ग्रामीणों ने बाहर निकाला। थानाध्यक्ष प्रभात गुप्ता ने बताया कि पुल पर आवागमन को बंद करवा दिया गया है। सभी लोग सुरक्षित हैं।
हरैया धाम में बुधवार को भागवत कथा का आयोजन हो रहा था। इस दौरान मेला भी लगा हुआ था। यह कथा सुनने के लिए मछरेहटा व खैराबाद से बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंचे। यहां आने जाने के लिए ग्रामीण सरायन नदी पर बांस के अस्थायी पुल का प्रयोग कर रहे थे। इस दौरान भीड़ अधिक हो गई। पुल पर दबाव पड़ा तो पुल टूट गया। इस दौरान दो युवक नदी के पानी में गिर गये। हालांकि ग्रामीणों ने उन्हें समय रहते बाहर निकाल लिया। पुलिस ने आवागमन रुकवा दिया। इसके बाद घाट की तरफ जाने वाले रास्ते को बंद करवा दिया गया।
इस पुल को खैराबाद के बरूहा गांव निवासी नरेश और सोबरन ने बांस की लकड़ी से तैयार किया था। इसे चार माह पूर्व बनाया गया था। ग्रामीणों के अनुसार यह उनके आवागमन में सहायक था। यह पुल बरुहा नेवादा, गंगापुर, अलाददपुर, बेनोरा, धरैंचा, समदेपारा, भगौतीपुर और बारा संग कई गांवों को जोड़ता है।
साथ ही इस पुल से खैराबाद व राष्ट्रीय राजमार्ग के मुख्य संपर्क मार्ग को भी जोड़ता है। मेला समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण इसी पुल से अपने-अपने गांव लौट रहे थे, तभी अचानक पुल का एक हिस्सा टूट गया। घाट के केवट नरेश और सोबरन ने बताया कि पुल टूटने से लोग नदी में गिरे, जिन्हें समय रहते बाहर निकाल लिया गया।
केवट नरेश व सोबरन ने बताया कि यदि ग्रामीणों के लिए एक स्थायी पुल बन जाये तो यह समस्या दूर हो जाएगी। कई बार जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों से इस बारे में प्रार्थना पत्र दिया लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। इसलिए अस्थायी पुल बना लिया था।