क्रेन के सामान की चपेट में आकर आरेडिका में वाहन चालक की मौत
सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली जिले में आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) परिसर में बृहस्पतिवार की शाम क्रेन से रेलवे का सामान यार्ड में उतारा जा रहा था। जैसे ही सामान एक स्थान से दूसरे स्थान पर रखा जा रहा था तो उसकी चपेट में आकर वाहन चालक की मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने आर्थिक मदद देने की मांग की।
मदद न मिलने तक चालक का शव उठाने से इन्कार कर दिया। साथ ही आरोप लगाया कि लापरवाही के चलते युवक की जान गई है। गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के दुर्जन का पुरवा मजरे सुल्तानपुर खेड़ा गांव का निवासी दीपू यादव (25) पुत्र रामधनी यादव आरेडिका में शक्ति ट्रैवल कंपनी में ड्राइवर के पद पर कार्यरत थे। साथी कर्मचारियों ने बताया कि सात बजे यार्ड में रेलवे का सामान उतारने का काम क्रेन से चल रहा था।
इसी दौरान क्रेन की संतुलन बिगड़ गया, जिससे दीपू यादव भारी भरकम सामान की चपेट में आकर दब गया। किसी तरह मशक्कत कर श्रमिकों ने दीपू को बाहर निकाला, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दीपू को कारखाना स्थित अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दीपू यादव की अभी शादी नहीं हुई थी।
वह दो भाइयों में बडेा थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने आर्थिक सहायता का आश्वासन न मिलने पर शव ले जाने से इन्कार कर दिया। हंगामा किया। समाचार भेजे जाने तक अस्पताल मेंं ही युवक का शव रखा रहा। परिजनों ने शव लेने से मना कर दिया है।
लालगंज कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि हादसे की जांच कराई जा रही है। उधर, कारखाने के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी आरएन तिवारी ने बताया कि रेलवे का सामान उतारते समय हादसा हुआ है। घटना की जांच कराई जा रही है। परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है।