रायबरेली में लोक निर्माण विभाग और सेतु निगम के बीच चल रही थी खींचतान

सशक्त न्यूज नेटवर्क
रायबरेली। गल्ला मंडी स्थित ओवरब्रिज की मरम्मत का रास्ता साफ हो गया है। क्षतिग्रस्त ओवरब्रिज की मरम्मत अब सेतु निगम कराएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि मार्च से लोग इस ओवरब्रिज से फर्राटा भर सकेंगे। सेतु निगम की ओर से मरम्मत कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है। वहीं ओवरब्रिज से आवागमन बंद होने से लोगों को शहर आने के लिए चार किमी का चक्कर काटना पड़ रहा है।

जहानाबाद चौकी से रतापुर चौराहा जाने वाले मार्ग पर गल्ला मंडी के पास सेतु निगम की फतेहपुर इकाई ने 2011 में ओवरब्रिज का निर्माण कराया था। दो साल पहले ओवरब्रिज के रखरखाव की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई थी। रखरखाव ठीक से न होने के कारण बीते 17 अगस्त को ओवरब्रिज क्षतिग्रस्त हो गया था। सरिया बाहर आ गई और सड़क भी धंस गई थी। इसके बाद ओवरब्रिज से आवागमन रोक दिया गया।

कई लोक निर्माण और सेतु निगम के अधिकारियों ने जांच की। जांच में इस बात की पुष्टि हुई थी कि जब तक ओवरब्रिज की मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक इससे आवागमन शुरू कराना खतरे से खाली नहीं है। जांच में एक गर्डर और एक पिलर (खंभा) के अलावा कई जगह छत जर्जर मिली थी।

लंबे समय तक इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी कि आखिर ओवरब्रिज की मरम्मत सेतु निगम या लोक निर्माण विभाग कराएगा। अंत में अब ओवरब्रिज की मरम्मत सेतु निगम कराएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से कागजी प्रक्रिया पूरी करके मरम्मत के लिए सेतु निगम को सौंप दिया गया है।

सेतु निगम की ओर से मरम्मत के लिए टेंडर प्रक्रिया की जा रही है। फरवरी 2026 तक ओवरब्रिज की मरम्मत का काम पूरा करने की बात कही जा रही है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता महिपाल सिंह ने बताया कि ओवरब्रिज की मरम्मत सेतु निगम कराएगा।

व्यापारी आशुतोष, महेश कुमार, विश्वनाथ, रोशन अग्रहरि ने बताया कि ओवरब्रिज से आवागमन बंद होने से गल्ला मंडी पहुंचने के लिए लोगों को चार किमी का चक्कर काटना पड़ रहा है।

रतापुर जाने के लिए लोग जहानाबाद चौकी के पास से त्रिपुला होते हुए निकाल रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी गल्ला मंडी जाने वाले वाहन चालकों को होती है। व्यापारियों व किसानों को वाहन लेकर अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है।

More From Author

You May Also Like