परिजनों की चीखों के बीच तीन गांवों में पसरा रहा मातम, नहीं जले चूल्हे
परिजनों की चीखों के बीच तीन गांवों में पसरा रहा मातम
मोहम्मद इसराइल ऊंचाहार: महाराष्ट्र के पुणे शहर के कटराज येवलेवाडी कस्बा स्थित इंडियन ग्लास फैक्ट्री में पूरे बिछियन मजरे कंदरावा निवासी अमित कुमार, छतौना मरियानी गांव के विकास, पकसरावां के धर्मेंद्र और पवन मजदूरी करते थे। रविवार को ट्रक से कांच की सीट उतारते समय बेल्ट टूट जाने से कांच की सीट खिसक कर चारों श्रमिकों के ऊपर गिर गई। जिसमें दबकर सभी की मौत हो गई।
देर रात सूचना मिलने पर परिजनों में चीख-पुकार शुरू हो गई। जानकारी होने पर गांवों में चारों ओर सन्नाटा पसर गया। जिसको जैसे जानकारी हुई भागता हुआ दरवाजे पहुंच शोक संवेदना व्यक्त की। रूदन क्रंदन के साथ परिवारजन व ग्रामीण बेटे का शव पहुंचने को टकटकी लगाए राह ताकते रहे।
पूरे बिछियन निवासी मृतक अमित कुमार के भाई अमन ने बताया कि परिवार की माली हालत ठीक न होने पर करीब एक साल पहले उसका बड़ा भाई अमित कुमार रोजी रोटी के सिलसिले में पकसरावां निवासी अपने बहनोई सुरेंद्र कुमार के साथ पुणे शहर गया हुआ था। काम मिलने पर परिवार को लगा कि उनकी माली हालत में जल्द ही सुधार हो जाएगी। और छोटे भाई अमन की शादी धूमधाम से की होगी।
इसी बीच रविवार की देर शाम उसके मौत की सूचना मिली। काफी देर तक तो परिजनों को विश्वास ही नहीं हो रहा था, वीडियो कॉल करके दिखाने पर विश्वास हुआ तो परिवार जन पिता शिव शंकर, माता चंदा देवी, भाई अमन बहन कोमल व संगीता तथा पत्नी आरती देवी छाती पीट कर रोते हुए बदहवास होकर जमीन पर गिर पड़े। ग्रामीणों द्वारा चेहरे पर पानी की बूंदे करने के बाद कुछ समय के लिए उन्हें होश आता और फिर बदहवास हो जाते। वहीं छतौना मरियानी निवासी विकास व पकसरावां निवासी धर्मेंद्र और पवन के परिजनों की भी यही हाल रही।
घटना की जानकारी होने पर कांग्रेस पार्टी के ब्लाक अध्यक्ष शंभू शरण पाल, साजू नकवी ने गांव पहुंचकर मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए सांत्वना दी। कोतवाल अनिल कुमार सिंह भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच परिजनों को शांत बना देते हुए धड़क बनाया। मृतक अमित के पिता शिव शंकर ने बताया कि एंबुलेंस से सबको लाया जा रहा है। देर रात तक शव के गांव पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।