बिजली उपभोक्ताओं को नई छूट योजना से मिलेगी राहत, पहले चरण में होगा ज्यादा फायदा
सशक न्यूज नेटवर्क
प्रदेश सरकार की ओर से शुरू की गई बिजली बिल राहत योजना उपभोक्ताओं के लिए वरदान साबित होगी। योजना के तहत साढ़े तीन लाख बिजली उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।
पहले चरण में रजिस्ट्रेशन कराने वाले उपभोक्ताओं को ज्यादा लाभ मिलेगा, वहीं दूसरे और तीसरे चरण में रजिस्ट्रेशन कराने वाले बिजली उपभोक्ताओं का ब्याज तो माफ होगा, लेकिन मूल धन में उन्हें कम छूट मिलेगी। उपभोक्ताओं को अधिक से अधिक लाभ मिले, इसके लिए प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है।
जिले में करीब पांच लाख बिजली उपभोक्ता हैं। इसमें करीब साढ़े तीन लाख ऐसे उपभोक्ता हैं, जो बिजली बिल राहत योजना का लाभ उठा सकते हैं। एक दिसंबर से शुरू हो रही योजना का लाभ उपभोक्ता तीन चरणों में उठा सकते हैं।
पहले चरण में रजिस्ट्रेशन कराने वाले उपभोक्ताओं के बिजली बिल पर लगा ब्याज पूरा माफ होगा। इसके साथ ही मूल धन पर भी उन्हें 25 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इसी दूसरा चरण एक जनवरी 2026 से शुरू होगा।
इसमें रजिस्ट्रेशन कराने वाले उपभोक्ताओं का बिजली बिल में लगा ब्याज तो माफ होगा, लेकिन मूल धन में 20 फीसदी ही छूट मिलेगी। तीसरा चरण एक से 28 फरवरी के बीच चलेगा। इस दौरान रजिस्ट्रेशन कराने वाले बिजली उपभोक्ताओं का शतप्रतिशत ब्याज माफ होगा, वहीं मूलधन में 15 फीसदी ही छूट दी जाएगी।
योजना के तहत बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं को भी राहत दी गई है। बिजली चोरी के प्रकरण में उपभोक्ताओं को शमन शुल्क तो पूरा देना पड़ेगा, लेकिन राजस्व निर्धारण में राहत दी गई है। पहले चरण में रजिस्ट्रेशन कराने वाले उपभोक्ताओं के राजस्व निर्धारण में 50 फीसदी, दूसरे चरण में 45 और तीसरे चरण में 40 फीसदी छूट मिलेगी।
वैसे तो बिजली उपभोक्ताओं को राहत के लिए हर साल योजना चलाई जाती है, लेकिन इस बार जिस तरह बिजली बिल राहत योजना शुरू की गई। इसके पहले इस तरह की योजना कभी नहीं आई। पहले उपभोक्ताओं का केवल ब्याज माफ किया जाता था, लेकिन इस बार मूलधन में भी राहत दी गई है। ज्यादा लाभ पाने के लिए उपभोक्ता 2000 रुपये जमा करके पहले चरण में रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।