लोकगीतों की तान पर थिरके कदम, शिव-भस्मासुर लीला देख मंत्रमुग्ध हुए दर्शक
कुशुम वर्मा के भजनों ने बांधा भक्तिरस का समां, ‘सलोने राम’ एलबम का हुआ विमोचन
सशक्त न्यूज, डलमऊ।
डलमऊ महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या में बृहस्पतिवार को सुर, ताल और भक्ति की ऐसी त्रिवेणी बही कि दर्शक देर रात तक झूमते रहे। अंतरराष्ट्रीय लोक गायिका कुशुम वर्मा ने भजनों और पारंपरिक लोकगीतों की शानदार प्रस्तुति से खूब वाहवाही लूटी तो अंकित राज कृष्णा ग्रुप के कलाकारों ने शिव-भस्मासुर प्रसंग का जीवंत मंचन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कभी भक्ति गीतों पर तालियां गूंजीं तो कभी लोकगीतों की धुन पर दर्शक झूम उठे।
कार्यक्रम का शुभारंभ आरडीएस पब्लिक स्कूल की छात्रा श्रद्धा सोनकर ने ‘हे साईं राम…’ गीत की प्रस्तुति से किया। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय लोक गायिका कुशुम वर्मा के ‘सलोने राम’ एलबम का विमोचन नगर पंचायत अध्यक्ष पंडित बृजेश दत्त गौड़ ने किया। कुशुम वर्मा ने ‘हे गौरा के लाल मेरी बिनती सुन लो हे महाराज…’ वंदना सुनाकर वातावरण को भक्तिमय कर दिया। इसके बाद ‘राम को पूजूं कि राम को गांव का न करूं कि सबरी हो जाऊं…’ और ‘सलोने राम बने बालक राम, अयोध्या धाम आए हैं…’ गीतों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
लोकगीतों की बारी आई तो कुशुम वर्मा ने ‘खनन-खनन खनके कंगनवा…’ मेहंदी गीत और ‘ननद फूल जनवा के भरे पानी…’ हल्दी गीत सुनाकर ग्रामीण लोकसंस्कृति की छटा बिखेरी। गीतों की मिठास और गायिका के अनूठे अंदाज ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया। पूरा महोत्सव परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इसके बाद अंकित राज कृष्णा ग्रुप के कलाकारों ने भगवान शिव और भस्मासुर प्रसंग का आकर्षक नृत्य रूपांतरण प्रस्तुत किया। शानदार वेशभूषा, भावपूर्ण अभिनय और सामूहिक नृत्य के जरिए पौराणिक प्रसंग को मंच पर जीवंत कर दिया। कलाकारों की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर मेला व्यवस्थापक शुभम गौड़, संदीप चौधरी, ओम नारायण गुप्ता, पुरुषोत्तम शुक्ला, पथवारी शंकर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

