सड़क नहीं सुधरी तो दर्ज होगी एफआईआर, डीएम की दो टूक चेतावनी से मची खलबली
मुंशीगंज-मुराईबाग मार्ग शनिवार तक दुरुस्त करने का अल्टीमेटम, मेला क्षेत्र में डीएम ने परखी तैयारियां; गंगा घाट पर स्वास्थ्य विभाग ने किया मॉक ड्रिल
सशक्त न्यूज
डलमऊ। कार्तिक पूर्णिमा प्रांतीय मेले की तैयारियों में लापरवाही अब अधिकारियों को भारी पड़ सकती है। शुक्रवार को जिलाधिकारी ने मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सड़कों की बदहाल स्थिति देखकर उनका पारा चढ़ गया।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए मुंशीगंज-मुराईबाग मार्ग को शनिवार तक दुरुस्त कराने का अल्टीमेटम दिया। डीएम ने दो टूक कहा कि तय समय में सड़क ठीक नहीं हुई तो संबंधित विभाग के अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। जिलाधिकारी के इस सख्त तेवर से मौके पर मौजूद अन्य विभागों के अधिकारियों में भी खलबली मची रही।
सड़क की बदहाली पर पीडब्ल्यूडी को फटकार
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने मेला क्षेत्र तक पहुंचने वाले मार्गों की स्थिति देखी। मुंशीगंज-मुराईबाग मार्ग की खराब हालत पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग के एई के के. मिश्रा को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के आवागमन को देखते हुए सड़क को हर हाल में शनिवार तक दुरुस्त किया जाए। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गंगा घाट पर हादसे से निपटने का हुआ अभ्यास
उधर, गंगा के किनारे वीआईपी घाट पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसमें बाढ़ अथवा स्नान के दौरान किसी श्रद्धालु के डूबने पर तत्काल बचाव और प्राथमिक उपचार देने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया। डॉक्टर विनीत कुमार सिंह और मनीष पांडे ने डूबते हुए व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने तथा उसे प्राथमिक उपचार देने के तरीके बताए। इस दौरान जिलाधिकारी भी मौजूद रहीं।
रविवार से पहले पूरी होंगी तैयारियां
नगर पंचायत अध्यक्ष पंडित बृजेश दत्त गौड़ ने बताया कि प्रांतीय मेले के आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं तेजी से पूरी कराई जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि रविवार से पहले मेला क्षेत्र की सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।

