मामी-भांजे के रिश्ते ने लिया खौफनाक मोड़, मामा के साथ मिलकर प्रेमी ने भी रची हत्या की साजिश; खेत में दफन मिली महिला की लाश
पत्नी की हत्या कर छह फीट गहरे गड्ढे में दबाया शव, पुलिस को गुमराह करने के लिए करता रहा तलाशने का नाटक; पति और भांजा गिरफ्तार
संभल/अमरोहा। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मामी और भांजे के बीच बने प्रेम संबंधों का अंत खौफनाक हत्या के रूप में हुआ। पत्नी के भांजे से संबंधों से नाराज पति ने उसी के साथ मिलकर पत्नी की हत्या कर दी।
इसके बाद शव को भांजे के खेत में छह फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया। इतना ही नहीं, वारदात के बाद पति गांव लौट आया और पत्नी के लापता होने का नाटक करते हुए उसे तलाशने का दिखावा करता रहा। पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी पति और उसके भांजे को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला अमरोहा के सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव चकुनी का है। यहां की रहने वाली 32 वर्षीय अनीता चार-पांच नवंबर से लापता थी। उसके भाई मानू सिंह सैनी ने 11 नवंबर को आदमपुर थाने में बहन की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजनों ने अनीता के पति नेमपाल पर हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो शक की सुई पति की तरफ घूम गई।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पांच नवंबर को नेमपाल पत्नी अनीता को लेकर अपने भांजे राजू सैनी के घर गंवा पहुंचा था। यहां उसने अनीता के सिर पर भारी वस्तु से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद मामा-भांजे ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। शव को भांजे के घर के पीछे स्थित खेत में करीब छह फीट गहरा और चार फीट चौड़ा गड्ढा खोदकर दफना दिया।
पुलिस के मुताबिक, नेमपाल ने पूछताछ में बताया कि पत्नी के उससे अलग होने के बाद अनीता के भांजे राजू से संबंध हो गए थे। अनीता उसके साथ रहने की जिद कर रही थी, लेकिन राजू उसे स्थायी रूप से अपने साथ रखने को तैयार नहीं था। इसी विवाद में दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची।
उधर, वारदात के बाद नेमपाल अपने गांव लौट आया और पत्नी के अचानक लापता होने की बात कहकर उसे तलाशने का नाटक करता रहा। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हो गया। रविवार को पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जेसीबी से खेत की खोदाई कर अनीता का शव बरामद कर लिया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने नेमपाल और राजू को गिरफ्तार कर लिया है।

