सशक्त न्यूज नेटवर्क
सुधा द्विवेदी के नेतृत्व में बसों से दिल्ली पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता, रामलीला मैदान में लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के समर्थन में बुलंद करेंगे आवाज
सरेनी/रायबरेली। ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारे के साथ कांग्रेस ने दिल्ली में अपनी ताकत दिखाने की तैयारी तेज कर दी है। रविवार, एक नवंबर को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली विशाल जनसभा में शामिल होने के लिए सरेनी विधानसभा क्षेत्र का कांग्रेस संगठन पूरे जोश और उत्साह के साथ दिल्ली रवाना हो गया।
पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती सुधा द्विवेदी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और संगठन के पदाधिकारियों को बसों के माध्यम से दिल्ली के लिए रवाना किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह जनसभा लोकतंत्र की मजबूती और मताधिकार की सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है।
कांग्रेस की ओर से आयोजित इस जनसभा में पार्टी नेता राहुल गांधी के दिशा-निर्देशन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी। साथ ही चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।
सुधा द्विवेदी ने कहा कि वोट का अधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। इसकी रक्षा करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों और निष्पक्ष चुनाव की आवाज को बुलंद करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता के साथ मैदान में उतर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक जनसभा नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता के मताधिकार की रक्षा का संकल्प है।

