आकाशवाणी कार्यालय में जबरन प्रवेश: राहुल और प्रियंका गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज
नई दिल्ली।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। दिल्ली पुलिस ने आकाशवाणी (ऑल इंडिया रेडियो) कार्यालय में कथित तौर पर जबरन प्रवेश करने के मामले में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी के कई अन्य प्रमुख नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को इस संबंध में एक लिखित शिकायत मिली थी, जिसमें आरोप लगाया गया है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई सांसदों ने नियमों का उल्लंघन करते हुए आकाशवाणी कार्यालय परिसर में जबरन प्रवेश किया। शिकायत का संज्ञान लेते हुए दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और घटना के समय मौजूद साक्ष्यों व सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

